डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए दो युवकों को धर दबोचा है। आरोपियों के पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचने के लिए तस्करों के नेटवर्क को खंगाल रही है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसाबनी की तरफ से कुछ संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थों की खेप लेकर घाटशिला की ओर आ रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में पुलिस बल ने अमाईनगर पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध हालात में आ रहे दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई, जिनके पास से पुलिस ने 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान मुसाबनी के रहने वाले जय महानंद और आकर्षित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्पलेंडर बाइक और दो मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
घाटशिला थाने में इस मामले के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कांड संख्या 51/2026 दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के साथ घाटशिला थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

