अपार्टमेंट में मिला पूर्व डीडीसी का शव
रांची में चतरा के पूर्व डीडीसी सुनील कुमार सिंह का शव उनके घर में फंदे से लटकता मिला। वह लालपुर थाना क्षेत्र के सिदो-कान्हू पार्क के पास स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमारी को लेकर परेशान थे और अक्सर इसकी चर्चा लोगों से किया करते थे। वह अपार्टमेंट में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहती हैं।
नौकरानी ने पंखे से लटकता देखा
सुबह करीब नौ बजे नौकरानी उनके घर पहुंची तो कमरे में सुनील कुमार सिंह को पंखे से लटकता देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा घटना का राज
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल बीमारी से परेशान होने की बात सामने आ रही है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

