डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप आने वाले दिनों में टाटा या आसनसोल रूट पर ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आर्द्रा रेल मंडल में विकास कार्यो के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेलवे ने सुरक्षा और तकनीकी कार्यो को बेहतर बनाने के लिए मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
6 सितंबर तक रहेगा ब्लॉक
आद्रा मंडल में यह संयुक्त ब्लॉक 6 सितंबर तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल व टेलीकॉम विभाग मिलकर आधुनिकीकरण और ट्रैक मेंटेनेंस का काम करेंगे। इस वजह से इस रूट की कई महत्वपूर्ण पैसेंजर और मेमू ट्रेनों के पहिए थम जाएंगे, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट और समय में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
रद्द रहने वाली मुख्य गाड़ियां
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, अलग-अलग तिथियों में कुल चार जोड़ी (आठ) मेमू ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। जिन रूटों की ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं, उनमें मुख्य रूप से आसनसोल-आद्रा-आसनसोल, आद्रा-मिदनापुर-आद्रा, आद्रा-विष्णुपुर-आद्रा और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल रूट शामिल हैं।
टाटा-आसनसोल मेमू पर भी असर, कई ट्रेनें शॉर्ट ओरिजिनिट
दैनिक यात्रियों की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। टाटानगर और आसनसोल के बीच चलने वाली टाटा-आसनसोल मेमू (गाड़ी संख्या 68055-68056) के संचालन पर भी इसका सीधा असर पड़ा है।
शॉर्ट टर्मिनेट/ओरिजिनिट: यह ट्रेन 31 अगस्त, 3 सितंबर और 5 सितंबर को अपने तय सफर के बजाय आद्रा स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी और वहीं से वापस टाटानगर के लिए रवाना होगी। यानी आद्रा से टाटानगर के बीच इन तारीखों में यह ट्रेन रद्द रहेगी।
इन ट्रेनों के समय और रूट में भी बदलाव
मेगा ब्लॉक के प्रभाव से चक्रधरपुर, गोमो, बोकारो, हटिया और पुरुलिया रूट पर चलने वाली कई पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी फेरबदल किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय ने इस पूरी कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। ऐसे में अगर आप इस हफ्ते यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

