​क्या वोटर लिस्ट में छूट गया है आपका नाम? तुरंत सुधार लें गड़बड़ी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : मतदाता सूची सुधारने का जिम्मा प्रशासन ने खुद संभाल लिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को शहर के कई प्रमुख दावा-आपत्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, ताकि एसआईआर-2026 अभियान में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।

समाहरणालय परिसर के अलावा मानगो के स्वर्णरेखा भवन, जेएनएसी और जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में बनाए गए सुनवाई स्थलों पर पहुंचकर डीसी ने जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने दस्तावेज सत्यापन की रफ्तार, बीएलओ और कर्मियों की कार्यशैली और मतदाताओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत तमाम ईआरओ और एआरओ भी इस दौरान मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए गए हैं कि मतदाता सूची में एक भी गलती या छूटा हुआ नाम नहीं बचना चाहिए। प्रशासन का जोर सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने पर है ताकि आने वाले चुनावों में किसी मतदाता को परेशानी न हो।

आप भी चेक कर लें अपना नाम
अगर आपके वोटर आईडी में नाम, पता या उम्र को लेकर कोई गड़बड़ी है, या सूची में नाम ही गायब है, तो यह सही वक्त है सुधार करवाने का। जिला प्रशासन ने इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। आप अपने इलाके के निर्धारित केंद्र पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से तय प्रक्रिया के तहत अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, ताकि अंतिम सूची में आपका नाम दुरुस्त होकर आए।

Share This Article