परिचित युवक ने मोबाइल से बुलाया, फिर कार से ले जाने का आरोप
औरंगाबाद। कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को कार से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपित नाबालिग को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
दो गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान माली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रिंस कुमार सिंह और रौशन कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं राजू कुमार उर्फ झुनु फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
मोबाइल से बुलाकर कार में ले जाने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, नाबालिग की गिरफ्तार आरोपितों में से एक युवक से पहले से पहचान थी। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर युवक ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसे घर से बाहर बुलाया। इसके बाद देवरिया गांव के पास उसे कार में बैठाकर कुटुंबा थाना क्षेत्र के एक स्थान पर ले जाया गया, जहां पुलिस के अनुसार तीनों आरोपितों ने उसके साथ अपराध किया।
बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हुए आरोपित
घटना के बाद आरोपित नाबालिग को वहां छोड़कर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के स्वजन पहले माली थाना पहुंचे। वहां घटनास्थल दूसरे थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिलने के बाद वे कुटुंबा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपितों की पहचान के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल जांच के बाद तीसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, औरंगाबाद में कराया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

