शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव में 30 अगस्त को शराब पीने के बाद चार युवकों की मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा नहीं बल्कि शराब में जहर मिलाकर की गई हत्या थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार और जहर उपलब्ध कराने वाले रुदल कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
मुख्य आरोपी ने शराब में जहर मिलाने की बात मानी
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि जांच और पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने चारों युवकों को शराब पीने के लिए बुलाने और उसमें बाजार से खरीदा गया जहर मिलाने की बात स्वीकार की है। घटना की आधिकारिक पुष्टि के लिए मृतकों के विसरा और शराब के नमूनों को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।
प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नीशू कुमार का लाली कुमार की बहन के साथ पिछले दो से ढाई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, नीशू और उसके साथी अक्सर लाली को इस बात को लेकर चिढ़ाते थे, जिससे नाराज होकर उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
SIT ने तेजी से की कार्रवाई, तीन आरोपी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ पुलिस ने SIT का गठन किया था, जिसमें कई थानों के थानाध्यक्ष और DIU की टीम शामिल थी। जांच के दौरान पुलिस ने लाली कुमार और सब्जी विक्रेता रुदल कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर हत्या की वजह गवाही से जुड़ी बताई जा रही थी, लेकिन पूछताछ में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की बात सामने आई।

