भागलपुर में गंगा का बढ़ता जलस्तर बना संकट
नेपाल में हुई भारी बारिश और तबाही का असर बिहार में भी दिखाई दे रहा है। भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल में गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज कटाव से राघोपुर इलाके में संकट गहरा गया है। राघोपुर-काजीकोरैया बांध के पास लोग अपने घरों को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। महिलाएं पारंपरिक गीतों के जरिए गंगा के शांत होने की प्रार्थना कर रही हैं।
कटाव की चपेट में आए दो मंदिर
भागलपुर के शंकरपुर इलाके में तेज कटाव के कारण रेलवे लाइन के पास बने चैती दुर्गा मंदिर और बजरंगबली मंदिर नदी में समा चुके हैं। मंदिरों के आसपास अब सिर्फ गंगा की तेज धार दिखाई दे रही है। बांध को बचाने के लिए मशीनों से काम जारी है, जबकि ग्रामीण लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित हैं।
मनेर में खतरे के निशान से ऊपर गंगा
मनेर के दियारा क्षेत्र में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 53 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। कई गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से आवागमन बाधित हो गया है और ग्रामीणों को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस्लामगंज गांव में चारों ओर पानी फैल गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव, राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
सुपौल में कोसी के उतार-चढ़ाव से बढ़ी चिंता
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण सुपौल में कोसी नदी का जलस्तर लगातार बदल रहा है। सुबह 8 बजे कोसी बैराज से 1,89,125 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। घूरन इलाके में कोसी से कटाव शुरू होने के बाद तटबंध के अंदर रहने वाले ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। कई लोग अपने घरों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं।
मुजफ्फरपुर में गंडक को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुजफ्फरपुर से होकर गुजरने वाली नारायणी गंडक नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। फिलहाल नदी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन गंडक बराज से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। सरैया, पारू और साहेबगंज इलाके में संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है और संबंधित अधिकारियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
बेतिया में गंडक के कटाव से घर नदी में समाए
बेतिया के योगापट्टी प्रखंड के सिसवा गांव में गंडक नदी का कटाव तेज हो गया है। नदी किनारे बने घर लगातार कटाव की चपेट में आ रहे हैं। इसी क्रम में विनोद पटेल का घर भी नदी में समा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार बढ़ते कटाव से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

