अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार: जिले में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मरीज, जानिए कहां-कहां मिले संक्रमित

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू और स्वाइन फ्लू ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। पिछले दो दिनों के भीतर जिले में डेंगू के 5 नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच इन खतरनाक बीमारियों के लगातार बढ़ते मामलों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।

इन इलाकों से सामने आए नए मरीज
​स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 48 घंटों में जिन नए मरीजों की पुष्टि हुई है, वे जिले के अलग-अलग पॉश और घनी आबादी वाले इलाकों से हैं। इनमें घाटशिला, रामनगर, कदमा, मानगो, टेल्को, रामलीला मैदान साकची के इलाके शामिल हैं। ​मरीजों का इलाज शहर के अलग-अलग बड़े अस्पतालों में चल रहा है। टाटा मोटर्स अस्पताल में 3 मरीज भर्ती हैं। टीएमएच और सेंट जॉन हॉस्पिटल में1-1 मरीज इलाजरत हैं।

4914 संदिग्ध मामलों की हुई जांच
​प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक जिले में डेंगू के 4914 संदिग्ध मरीजों की सूची तैयार कर उनकी जांच की जा चुकी है, जिनमें से 10 मामलों में आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है।

सिविल सर्जन के सख्त निर्देश: अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार
​सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलेभर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। उन्होंने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए अपने यहां आइसोलेशन वार्ड तैयार रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध मरीज के मिलने पर तुरंत जिला सर्विलांस विभाग को इसकी सूचना देने को कहा गया है ताकि समय रहते संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

प्रशासन की अपील और बचाव कार्य
​संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें उन इलाकों में सक्रिय हो गई हैं जहां से मरीज मिल रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग अपने आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों के प्रकोप से सुरक्षित रहें।

Share This Article