अभिलेखों और कांडों की समीक्षा, अनुसंधान में तेजी का निर्देश
पुलिस अधीक्षक, पलामू ने हैदरनगर थाना का निरीक्षण कर लंबित कांडों, अभिलेखों, वारंट-कुर्की, पासपोर्ट सत्यापन और थाना परिसर की व्यवस्था की समीक्षा की। गंभीर व लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान का निर्देश दिया।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंट निष्पादन पर जोर
लंबित वारंट एवं कुर्की की समीक्षा करते हुए फरार व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। न्यायालय से निर्गत वारंट एवं कुर्की का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा।
वाहन जांच और गश्ती बढ़ाने का निर्देश
अपराध नियंत्रण के लिए नियमित वाहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी तथा रात्रि गश्ती प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। बैंकों, एटीएम, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखने को कहा।
आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान
थाना आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक व संवेदनशील व्यवहार करने तथा शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
साफ-सफाई और अनुशासन के साथ पुलिसिंग पर बल
थाना परिसर में साफ-सफाई और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और तत्परता से कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण व आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा।

