पलामू चैनपुर में शाम को घर से निकली मां-बेटे की जोड़ी, सुबह तालाब में मिले शव

Reena Sharma
2 Min Read

शाम को बच्चे के साथ तालाब गई थी महिला

पलामू चैनपुर। चैनपुर थाना क्षेत्र के किन्नी पीपर ढाबा स्थित एक तालाब से शनिवार सुबह महिला और उसके डेढ़ वर्षीय बच्चे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रंजू देवी, पति अरुण चौरसिया के रूप में हुई है।

देर रात तक परिजन करते रहे तलाश

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब छह बजे रंजू देवी अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब की ओर शौच के लिए गई थी। काफी देर तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह तालाब में मिले दोनों के शव

शनिवार सुबह ग्रामीणों को तालाब में महिला और बच्चे के डूबे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद घटना की जानकारी चैनपुर थाना पुलिस को दी गई।

Advertisement

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की घटना की जांच

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दोनों की मौत तालाब में डूबने से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share This Article