​हाथी की मौत से मचा हड़कंप: खेत और घर की सुरक्षा के लिए छोड़ी गई थी बिजली, वन विभाग और पुलिस जांच में जुटी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोमर गांव के कुसी टोला में मक्का की फसल और घर बचाने की जुगत में एक जंगली हाथी की जान चली गई। गांव के ही बिफा उरांव नामक ग्रामीण ने अपनी संपत्ति की सुरक्षा के लिए घर के चारों ओर बिजली का नग्न तार बिछा रखा था, जिसकी चपेट में आने से हाथी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मक्का खाने पहुंचे झुंड का शिकार बना हाथी
​प्राप्त जानकारी के मुताबिक करीब पांच दिन पहले हाथियों का एक झुंड इस इलाके में दाखिल हुआ था। हाथियों ने इस दौरान बिफा उरांव के खेतों में लगी मक्का की फसल को चट करने के साथ-साथ उनके घर को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था। झुंड के दोबारा लौटने के अंदेशे से डरे ग्रामीण ने यह खतरनाक कदम उठाया और खेतों व घर के आसपास अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया। जब हाथियों का वही झुंड फिर से उसी रास्ते लौटा, तो करंट की चपेट में आकर एक हाथी दम तोड़ गया।

वन विभाग और पुलिस जांच में जुटी
​घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस और वन विभाग की टीम फौरन हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। क्षेत्र के रेंजर नंदकुमार मेहता ने बताया कि घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। मृत हाथी के पोस्टमार्टम के लिए विशेष मेडिकल टीम बुलाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पुख्ता कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article