गड्ढों और जलजमाव से बेहाल सड़क
झरिया की बदहाल सड़क से परेशान लोगों ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताया। लोगों ने जर्जर सड़क पर ही धान रोपनी कर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जगह-जगह गड्ढे, जलजमाव और गंदगी के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि करीब एक साल पहले बनाई गई मुख्य सड़क अब पूरी तरह बदहाल हो चुकी है।
सड़क पर हादसे, निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जर्जर सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। सब्जी पट्टी इलाके में कई महिलाएं भी फिसलकर घायल हो चुकी हैं। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की। पूर्व पार्षद और सांसद प्रतिनिधि अनूप कुमार साव ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए निगरानी करने वाले अभियंता के खिलाफ मामला दर्ज कर निलंबन और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।
10 दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा जोरदार प्रदर्शन
अनूप कुमार साव ने जर्जर सड़क को तत्काल मशीन से समतल कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 10 दिनों के भीतर सड़क की बदहाली दूर करने को लेकर कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम के खिलाफ झरिया में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों के इस अनोखे विरोध ने सड़क की बदहाली और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

