डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पूर्वी सिंहभूम जिले की ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कलियाडींगा चौक के पास एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को धर दबोचा है, जिसके पास से 113 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा कार को जब्त किया गया है। बरामद किए गए इस अवैध गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के रास्ते कार में गांजे की एक बड़ी खेप पश्चिम बंगाल के खड़गपुर की ओर ले जाई जा रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत बहरागोड़ा के कलियाडींगा चौक (एनएच 49 और 18 का संगम स्थल) पर घेराबंदी कर दी।
तलाशी के दौरान हुआ खुलासा
सोमवार की देर रात वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सफेद टाटा कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से 113 पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 113 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान ओडिशा के पुरी जिले के निमापाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुआतीरा गांव निवासी पिनकन स्वांई (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ बहरागोड़ा थाने में कांड संख्या 53/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अंतरराज्यीय सिंडिकेट की टटोल रही है जड़ें
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की तह तक जाने में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप ओडिशा में मुख्य रूप से कहां से लाई गई थी और खड़गपुर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य चेहरों और सरगनाओं की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

