झामुमो कार्यालय में मनाई गई 56वीं जयंती
मेदिनीनगर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पलामू जिला कार्यालय में गुरुवार को पार्टी के दिवंगत नेता दुर्गा सोरेन की 56वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
विचारों से मिलती है नई ऊर्जा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो पलामू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि दुर्गा सोरेन आज हमारे बीच भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी कार्यकर्ताओं के बीच जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन आज भी उनके लिए जिंदा हैं, क्योंकि कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलते हैं। उनकी कही एक-एक बात याद आने पर शरीर नई ऊर्जा और उत्साह से भर जाता है।
जल-जंगल-जमीन के अधिकार के लिए किया संघर्ष
राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि दुर्गा सोरेन ने झारखंड के अधिकार, जल-जंगल-जमीन और आम लोगों के सम्मान के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता उनके संघर्ष और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के साथ झारखंड के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करेंगे।
नारों से गूंजा कार्यालय परिसर
कार्यक्रम में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दुर्गा सोरेन के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान “वीर दुर्गा सोरेन अमर रहें” के नारों से कार्यालय परिसर गूंज उठा। मौके पर सन्नू सिद्दीकी, चंदन सिन्हा, हाजी शामिम अहमद, सुशीला मिश्रा, सालोनी टोप्पो, रंजन चंद्रवंशी, रामनाथ चंद्रवंशी, सुनील तिवारी, अविनाश देव, शन्नी शुक्ला, रिशु अग्रवाल, बबलू सहनवाज, कलाम, कांति चंद्रवंशी, मंजू चंद्रवंशी, सैयद फैजल, सार्दुल विनायक, आर्यन, कौशल, मनोहर चंद्रवंशी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

