घर-घर हो रहा है ‘फैमिली टुगेदर’ वेरिफिकेशन, एक ही परिवार के सभी वोटर अब होंगे एक बूथ पर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : जमशेदपुर में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या सुधारने का मौका आ गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 अभियान तेजी से चल रहा है। इसी सिलसिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर सदर प्रखंड और गोलमुरी इलाके का दौरा किया। दौरे के दौरान डीसी ने बूथ लेवल पर चल रही दावा-आपत्ति की सुनवाई का हाल जाना। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि लोगों के आवेदन समय पर और बिना किसी परेशानी के निपटाए जाएं। इस दौरान उनके साथ धालभूम के एसडीएम सह ईआरओ अर्नव मिश्रा और उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह भी मौजूद थी।

​घर-घर जाकर हो रहा ‘फैमिली टुगेदर’ वेरिफिकेशन
गोलमुरी में चल रहे होम टू रोल वेरिफिकेशन का जायजा लेते हुए डीसी ने लोगों से सीधी बातचीत की। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी का मिलान कर रहे हैं। इस अभियान का सबसे बड़ा फायदा यह है कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही बूथ की वोटर लिस्ट में दर्ज किए जा सकें, ताकि वोटिंग के वक्त किसी को अलग-अलग जगह न भटकना पड़े। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि वेरिफिकेशन का काम पूरी ईमानदारी से हो और कोई भी योग्य नागरिक वोटर लिस्ट से छूटने न पाए।

आपकी एक छोटी सी चूक बन सकती है परेशानी, ऐसे करें चेक
अगर आप भी जमशेदपुर में रहते हैं, तो अपनी वोटर लिस्ट तुरंत चेक कर लें। नाम, पता या उम्र में कोई भी गड़बड़ी मिलने पर घबराएं नहीं। अपने इलाके के निर्धारित दावा-आपत्ति केंद्र पर जाकर तुरंत फॉर्म भरकर सुधार करवा सकते हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में आपका एक वोट अहम है, इसलिए लिस्ट में अपना और अपने पूरे परिवार का नाम समय रहते जरूर जांच लें।

Advertisement

Share This Article