पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई में अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया।
इमरजेंसी वार्ड में मरीजों से लिया फीडबैक
डीसी ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की मौजूदगी और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली।
वार्ड में भीड़ देखकर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में अनावश्यक भीड़ देखकर डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल में अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया।
ड्यूटी रोस्टर और उपस्थिति रजिस्टर की जांच
डीसी ने अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
लापरवाही पर अधिकारियों और कर्मियों को चेतावनी
डीसी ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर लापरवाह अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

