रांची। झारखंड की राजधानी रांची के एचईसी सेक्टर-2 मार्केट स्थित किचन बर्तन दुकान में रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे दिनदहाड़े दो लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। राहत की बात यह रही कि चोरी के कुछ ही देर बाद दुकान संचालक ने स्थानीय लोगों की मदद से रुपये बरामद कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई।
चाय पीने गए दुकानदार, खुला मिला कैश काउंटर
दुकान संचालक मनोज कुमार ने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ देर के लिए दुकान से बाहर चाय पीने गए थे। जब वापस लौटे तो देखा कि कैश काउंटर खुला हुआ है। जांच करने पर पता चला कि ड्रॉवर में रखे दो लाख रुपये गायब हैं। यह रकम उन्होंने महाजन को भुगतान करने के लिए अलग से रखी थी।
CCTV फुटेज में रुपये ले जाता दिखा छोटा बच्चा
चोरी की जानकारी मिलते ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक छोटा बच्चा कैश काउंटर से रुपये निकालकर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसका पता चल गया।
झोपड़ियों में मिला बच्चा, पॉलीथीन में रखे थे रुपये
जानकारी के अनुसार, पैसा चोरी करने वाला बच्चा एचईसी सेक्टर-2 की झोपड़ियों में कुछ अन्य बच्चों के साथ नशा कर रहा था। उसके पास एक पॉलीथीन में चोरी के रुपये रखे मिले। स्थानीय लोगों की मदद से पूरी रकम वापस ले ली गई। मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बच्चे को वापस भेज दिया गया।
9 से 10 साल की उम्र, पैसे लौटने के बाद बच्चे को छोड़ा
मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे की उम्र करीब 9 से 10 साल के बीच है। इसी वजह से उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की गई। उनका कहना था कि बच्चा काफी छोटा था और पैसे वापस मिल जाने के बाद उन्होंने उसे छोड़ देना ही उचित समझा। दुकानदार ने बताया कि हर सोमवार को महाजन बकाया राशि लेने के लिए दुकान पर आते हैं। उसी भुगतान के लिए उन्होंने कैश ड्रॉवर में दो लाख रुपये सुरक्षित रखे थे। कुछ मिनटों की अनुपस्थिति में यह वारदात हो गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। उन्होंने बताया कि पैसे वापस मिलने के बाद बच्चे को छोड़ दिया गया है।

