तलाक के पेंच और शक के दायरे में उलझे रिश्ते, पिता ने अपने ही जिगर के टुकड़े पर किया हमला

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलापुर गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक कलह और पत्नी को लेकर उपजे विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक कलयुगी पिता ने अपने ही जिगर के टुकड़े पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में करीब 25 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है।

मुंबई पलायन और रिश्तों में दरार
जानकारी के अनुसार घायल सिराज अंसारी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। शुरुआती कुछ महीने तो सब ठीक-ठाक चला, लेकिन धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच मनमुटाव और विवाद गहराने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि तंग आकर सिराज घर छोड़कर मुंबई कमाने चला गया था।

शक और तलाक का पेंच बना खूनी संघर्ष की वजह
​मामले में नया मोड़ तब आया जब सिराज ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी और खुद अपने पिता के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात से आहत होकर उसने अपनी पत्नी को तलाक देने का फैसला किया और मामला कोर्ट तक जा पहुंचा। बात यहां तक तय हुई थी कि पत्नी को लगभग दो लाख रुपये देकर मामला सुलझाया जाएगा।

Advertisement

तलाक के विरोध पर परवान पर चढ़ा गुस्सा
सिराज का आरोप है कि उसके पिता मदीस अंसारी इस तलाक के सख्त खिलाफ थे और चाहते थे कि वह पत्नी को तलाक न दे। इसी मुद्दे को लेकर पिता और पुत्र के बीच तीखी नोकझोक शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर पिता मदीस अंसारी ने पाशविकता की हदें पार करते हुए धारदार हथियार से सिराज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई जारी
​अचानक हुए इस हमले से सिराज के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर और गहरे जख्म आए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी पिता मौके से फरार है। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल सिराज के बयान दर्ज किए और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिता की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरे पारिवारिक ड्रामे और विवाद की असल परतों से पर्दा उठ सकेगा।

Share This Article