PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में कार्यक्रम, सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत; उज्जैन में दीपोत्सव

Reena Sharma
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर बीजेपी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। देशभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के साथ दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में SEMICON India 2026 का उद्घाटन कर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं गुजरात में जन्मदिन समारोह शुरू हो चुके हैं। अहमदाबाद में प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना को लेकर 11 हजार दीये जलाए गए हैं। अमित शाह जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती करेंगे।

काशी-वडनगर से निकलेगी बाइक यात्रा

वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा की तैयारी की गई है। वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि वडनगर में अमित शाह यात्रा को रवाना करेंगे। यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी।

Advertisement

काशी में गंगा जल से होगा जलाभिषेक

वाराणसी में यात्रा से पहले सेवा यात्री ललिता घाट से गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां जलाभिषेक के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से बाइक यात्रा को रवाना किया जाएगा। काशी में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

वडनगर में कलश यात्रा से शुरुआत

प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर में कलश यात्रा के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। गुजरात के चार प्रमुख मंदिरों से निकली कलश यात्राएं वडनगर पहुंचेंगी। यहां अमित शाह 250 बाइक सवारों वाली यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलेंगे

मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शिप्रा घाटों को 25 लाख से अधिक दीयों से रोशन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में वालंटियर शामिल होंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Share This Article