भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर बोकारो-चास से ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारी पूरी हो गई है। पूजा समितियों ने पंडाल और विद्युत सज्जा कर ली है, जबकि मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ रही है।
नया मोड़ पर सजा पूजा का बाजार
नया मोड़ चौक और आसपास सड़क किनारे अस्थायी दुकानें सज गई हैं। झालर, लाइट, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, फूल-माला और फलों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।
झोपड़ी कॉलोनी में मेले की रौनक
माराफारी स्थित बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी में विश्वकर्मा पूजा को लेकर मेले का आयोजन किया गया है। आकर्षक पंडाल तैयार है और पूजा के साथ मेले में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
शहरभर में सजीं पूजा की झांकियां
रेलवे कॉलोनी, नया मोड़ बस स्टैंड, ऑटो गैरेज, सेक्टर चार, पावर ग्रिड, गैस एजेंसी, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग समेत कई जगहों पर पूजा की तैयारी पूरी हो गई है। गैरेज, वर्कशॉप और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी पूजा स्थल सजाए गए हैं।
प्रतिमाओं के साथ पूजा स्थलों की ओर बढ़े श्रद्धालु
पूजा से एक दिन पहले बुधवार को प्रतिमाओं को विभिन्न पूजा स्थलों तक ले जाने का सिलसिला जारी रहा। पूजा समितियां वाहन से प्रतिमाएं लेकर अपने-अपने पूजा स्थलों पर पहुंचती दिखीं।

