धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के बीसीसीएल एरिया तीन अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के पास एक बार फिर भू-धंसान की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने से छाताबाद के खुशबू मोहल्ले में कई मकान इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
तीन मकान, सामुदायिक भवन और पीसीसी सड़क धंसी
भू-धंसान की घटना में तीन मकान, एक सामुदायिक भवन और पीसीसी सड़क करीब दो से तीन फीट नीचे धंस गई। इसके अलावा करीब एक दर्जन घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। घटना के बाद प्रभावित परिवार अपने-अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुट गए हैं।
तीसरी बार भू-धंसान से लोगों में आक्रोश
छाताबाद में यह लगातार तीसरी भू-धंसान की घटना बताई जा रही है। इससे पहले सात जुलाई और सात अगस्त को भी यहां भू-धंसान की घटनाएं हुई थीं। उन घटनाओं में दर्जनों मकान जमींदोज हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
जहां प्रभावित परिवारों ने ली थी शरण, वहीं फिर धंसी जमीन
पिछली भू-धंसान की घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित जिस सामुदायिक भवन में शरण ली थी, अब उसी सामुदायिक भवन के पास भू-धंसान की घटना हो गई। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
प्रशासन ने इलाके को घेरा, लोगों को दूर रहने की हिदायत
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू और कतरास थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र को चारों तरफ से फीता लगाकर घेर दिया है। लोगों को प्रभावित इलाके से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

