डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय महिला ब्रिगेड ने सेमीफाइनल में अपनी पुख्ता दावेदारी पेश कर दी है।
भारतीय गेंदबाजों का ऐसा घातक प्रहार, थर-थर कांपी जापानी टीम
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया के सामने जापानी बल्लेबाजों की एक न चली। श्री चरणी ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और महज 10 रन खर्च करके 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। जापान की पूरी टीम निर्धारित ओवरों में सिर्फ 57 रनों पर ही ढेर हो गई। जापानी पारी की बेबसी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी टीम मिलकर केवल 3 बाउंड्री ही लगा सकी। इसके अलावा, शिफाली वर्मा ने भी कसी हुई गेंदबाजी का मुजाहिरा करते हुए 13 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
शेफाली वर्मा की विस्फोटक पारी, महज़ 5 ओवरों में लक्ष्य हासिल
58 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही तबाही मचा दी। हालांकि दूसरे छोर पर कुछ विकेट जल्दी गिरे, लेकिन शेफाली ने मोर्चा संभाले रखा और मात्र 15 गेंदों पर नाबाद 40 रनों की तूफानी पारी खेल डाली। उनकी इस धमाकेदार पारी में 6 शानदार चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इसके बाद ऋचा घोष ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारतीय बल्लेबाजों ने यह छोटा लक्ष्य केवल 5 ओवरों (30 गेंदों) में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

