देवघर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी हुई। बैठक में श्रावणी मेला की पुलिसिंग की समीक्षा के साथ आगामी दुर्गापूजा और अन्य त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई।
श्रावणी मेला की पुलिसिंग की समीक्षा
बैठक में मेले के दौरान पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की गई। बेहतर व्यवस्था और कमियों का आकलन कर भविष्य की पुलिसिंग में अनुभवों को लागू करने पर जोर दिया गया।
दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ई-बीट पेट्रोलिंग होगी प्रभावी
QR कोड आधारित डिजिटल बीट सिस्टम से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्ती और मौजूदगी की निगरानी की जाएगी। इससे पुलिसिंग में जवाबदेही बढ़ाने पर जोर है।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई
अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करने के साथ लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
तीन साल पुराने मामलों पर फोकस
तीन साल से अधिक समय से लंबित मामलों के निपटारे को प्राथमिकता दी गई है। अगले चार महीनों में ऐसे 50 प्रतिशत मामलों के डिस्पोजल का लक्ष्य रखा गया है।
साइबर अपराधियों की संपत्ति पर नजर
साइबर ठगी के आरोपियों की गिरफ्तारी और तकनीकी निगरानी के साथ गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर जोर दिया गया। आदतन साइबर अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त या अटैच करने की प्रक्रिया भी तेज करने के निर्देश दिए गए।

