पोटका में बेखौफ अपराधी: बैंक से पैसे लेकर घर लौट रहे शख्स को बनाया निशाना, ऐसे दिया वारदात को अंजाम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर तिरिंग गांव के पास बाइक सवार दो उचक्कों ने एक ग्रामीण से 54 हजार रुपये से भरा थैला झपट लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

कैसे हुई वारदात?
​पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, राजनगर थाना क्षेत्र के हेंसल गांव के रहने वाले अर्जुन यादव हाता स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे थे। उन्होंने बैंक से 49 हजार रुपये की निकासी की थी, जबकि 5 हजार रुपये डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए अपने पास रखे थे। कुल 54 हजार रुपये एक थैले में रखकर वे अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तिरिंग के समीप पहुंची, आगे एक ट्रेलर चल रहा था जिसके कारण उनकी गाड़ी की रफ्तार धीमी हो गई। इसी बात का फायदा उठाकर पीछे से पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो शातिर अपराधियों ने मौका देखकर झपट्टा मारा और हाथ से रुपयों से भरा थैला छीनकर चंपत हो गए।

पुलिस खंगाल रही सुराग
​घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने अपनी बाइक से उचक्कों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बाइक की हालत ठीक न होने के कारण वे अपराधियों तक नहीं पहुंच सके। सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Advertisement

Share This Article