सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, हादसों पर लगाम कसने के लिए बने ये खास प्लान

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। हाल ही में समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में यातायात, सड़क सुरक्षा और हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एनएच और शहरी इलाकों की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसके बाद प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

बड़े फैसले
स्पीड गन कैमरे: नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नकेल कसने के लिए एनएचएआई ने 7 प्रमुख जगहों पर स्पीड गन कैमरे लगाने का फैसला किया है। अगले दो महीनों में यह कैमरे काम करना शुरू कर देंगे।

अवैध पार्किंग पर एक्शन: शहर में जगह-जगह लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।

Advertisement

मानगो बस स्टैंड की सफाई: मानगो बस स्टैंड पर लंबे समय से खड़े कबाड़ बन चुके वाहनों को हटाने के लिए ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन को निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को आवाजाही में परेशानी न हो।

ऑटो चालकों के लिए नियम: शहर के प्रमुख चौराहों पर ऑटो के लिए ‘पिक एंड ड्रॉप पॉइंट’ तय किए जाएंगे। साथ ही, ऑटो चालकों के परमिट और जरूरी दस्तावेजों की सघन जांच होगी।

अगस्त महीने के डराने वाले आंकड़े
समीक्षा बैठक के दौरान पिछले महीने (अगस्त) के आंकड़े सामने आए, जो काफी चिंताजनक हैं। उस दौरान जिले में कुल 34 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 22 लोगों की मौत हुई और 26 लोग घायल हो गए। जांच में यह बात सामने आई कि ज्यादातर हादसे हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण हुए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने 121 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं और कुल ₹5,96,500 का जुर्माना वसूला है।

प्रशासन की अपील और सख्ती
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान और धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आने वाले दिनों में सड़क हादसों में भारी कमी लाई जा सके।

Share This Article