पलामू जिले के जपला में काली कंबल वाले बाबा गणेश यादव के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बाबा के सान्निध्य में आगामी 1 से 8 अक्टूबर 2026 तक अनुमंडल मैदान, जपला में निःशुल्क आरोग्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के साथ प्रतिदिन शाम को राम कथा का भी आयोजन होगा।
आरोग्य शिविर में निःशुल्क उपचार की व्यवस्था
कार्यक्रम की जानकारी बाबा विश्वनाथ भाष्कर मंदिर में राम कथा वाचक हरिओम शास्त्री ने दी। उन्होंने बताया कि आरोग्य शिविर में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। आयोजकों द्वारा जारी पोस्टर में लकवा, पोलियो, शुगर, ब्लड प्रेशर, कमर दर्द, घुटने का दर्द, गठिया-वात, निःसंतानता समेत कई अन्य रोगों के उपचार का दावा किया गया है।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा शिविर
आयोजकों के अनुसार शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक राम कथा का आयोजन होगा। राम कथा का वाचन हरिओम शास्त्री करेंगे।
कमलेश कुमार सिंह संरक्षक, डॉ. अजय प्रसाद गुप्ता प्रमुख पदाधिकारी
कार्यक्रम को लेकर जारी पोस्टर में पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह को संरक्षक तथा भाजपा नगर मंडल सह शिव शक्ति धाम अध्यक्ष डॉ. अजय प्रसाद गुप्ता को कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी के रूप में दर्शाया गया है।
लोगों से शिविर में पहुंचने की अपील
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अनुमंडल मैदान पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने तथा राम कथा में शामिल होने की अपील की है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

