रेनकोट था बदमाशों का कवच: सुबह-सुबह जमशेदपुर के इस बैंक में जो हुआ, पुलिस भी हैरान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में एक बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह लगभग सवा नौ बजे जब बैंक खुला था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था, तभी पांच से छह हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके।

बारिश का फायदा उठाकर छिपाई पहचान
​बारिश होने के कारण सभी बदमाशों ने रेनकोट पहन रखे थे, जिससे उनके चेहरे और पहचान पूरी तरह छिपी हुई थी। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार को अपना निशाना बनाया। जब गार्ड ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने बंदूक की बट से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।

कर्मचारियों को बनाया बंधक और खुलवाया चेस्ट
​हथियारों के बल पर बदमाशों ने बैंक कर्मियों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे और उन्हें गन पॉइंट पर लेकर बैंक का चेस्ट खुलवाया। बदमाशों ने चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक की नकदी और लॉकर में रखे भारी मात्रा में कीमती स्वर्णाभूषण लूट लिए।

Advertisement

दो बाइकों पर सवार होकर हुए फरार
​वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान करने और उनकी धर-पकड़ के लिए पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article