बड़ा हादसा टला! आधी रात को धधक उठा LIC ऑफिस, अंदर फंसे थे कर्मचारी… दमकल ने ऐसे बचाई जान

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर के व्यस्त इलाके बिष्टुपुर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम भवन में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। एलआईसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में सनसनी फैल गई। गनीमत यह रही कि समय रहते सतर्क सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

नाइट ड्यूटी पर थे दो कर्मचारी, ऐसे बची जान
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की है। जिस वक्त चौथी मंजिल पर आग भड़की, उस समय वहां गेल इंडिया के दो कर्मचारी नाइट ड्यूटी पर मौजूद थे। बैंक ऑफ बड़ौदा और आसपास के अन्य सुरक्षाकर्मियों ने जब चौथी मंजिल से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलते देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस, एलआईसी प्रबंधन और दमकल विभाग को दी। मौके की नजाकत को समझते हुए टाटा स्टील फायर डिपार्टमेंट और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आई। दमकल की करीब चार गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद बिल्डिंग में फंसे दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कंप्यूटर, दस्तावेज और फर्नीचर जलकर राख
यह बिल्डिंग बाजार और कई प्रमुख बैंकों के नजदीक स्थित है। आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते चौथी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में चौथी मंजिल पर रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए। शुरुआती जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

Advertisement

प्रशासन सतर्क, जांच जारी
करीब तीन घंटे की लंबी जद्दोजहद के बाद सुबह लगभग 4 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ आग लगने के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच में जुटी हुई हैं।

Share This Article