धनबाद। जिले में लगातार दूसरे दिन जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) का नया मामला सामने आया है। निरसा के पंचेत निवासी 12 वर्षीय मोहित टुडू की जांच रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। उसका एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मोहित को शुक्रवार दोपहर गंभीर हालत में एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। जेई के लक्षण मिलने पर उसका सैंपल माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजा गया, जहां जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
एक दिन पहले हो चुकी है किशोर की मौत
इससे पहले तेलमच्चो निवासी 12 वर्षीय कन्हाई तुरी में भी जेई संक्रमण की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट आने से पहले शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
बच्चों में दिखें ये लक्षण तो रहें सतर्क
जेई में तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी, दौरे, अत्यधिक सुस्ती और व्यवहार में बदलाव जैसे लक्षण दिख सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न कर तुरंत चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।
बचाव के लिए टीकाकरण और मच्छरों से सुरक्षा जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार जेई से बचाव के लिए टीकाकरण, मच्छरों से सुरक्षा और आसपास साफ-सफाई जरूरी है। बरसात के बाद संक्रमण को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।

