पूजा पंडालों में उपद्रवियों की खैर नहीं! धनबाद में DSP और SDPO संभालेंगे ‘सुपर जोन’ की कमान, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

Reena Sharma
2 Min Read

दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना और ओपी प्रभारी शामिल हुए।

डीजे बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी ने निर्देश दिया कि पूजा से प्रतिमा विसर्जन तक किसी समिति द्वारा डीजे बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। डीजे बजाते पकड़े जाने पर पूजा समिति का लाइसेंस रद्द करने, डीजे जब्त करने और साउंड ऑपरेटर पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर

पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया। ऑटो-टोटो की मनमानी, गलत पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। श्रमिक चौक की सड़क और बरमसिया पुल के पास एफसीआई वाहनों से होने वाली समस्या दूर करने को भी कहा गया।

Advertisement

आठ जोन में होगी रात्रि गश्ती

चोरी और गृहभेदन की रोकथाम के लिए जिले को आठ जोन में बांटकर रात्रि गश्ती की निगरानी व्यवस्था की गई है। इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने-अपने जोन में गश्ती की निगरानी करेंगे और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेंगे।

तीन सुपर जोन में बांटा गया जिला

आठ जोन को तीन सुपर जोन में बांटा गया है। डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी रात में अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी औचक निरीक्षण करेंगे। थाना प्रभारियों को आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का दो माह में निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

Share This Article