वैशाली के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत की खबर है। हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ, जहां करीब 20 से 30 लोग मृत्यु भोज में शामिल होने के लिए नाव से जा रहे थे। इस हादसे में अधिकांश मृतक बच्चे बताए जा रहे हैं।
नाव पलटने से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि गंगा नदी में नाव फटकर पलट गई, जिससे कई लोग डूब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, घायलों को भेजा गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। डूबते हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए पटना के एनएमसीएच भेजा गया। खबर के मुताबिक, 7 से 8 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
नाव परिचालन पर रोक के बावजूद हुआ हादसा
गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने निजी नावों के परिचालन पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद नाव से आवाजाही जारी थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि प्रतिबंध के बावजूद नावों के परिचालन की निगरानी क्यों नहीं की गई।
स्थानीय लोगों ने जताया विरोध
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध जताया। घटना ने प्रशासनिक निगरानी और प्रतिबंधों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

