डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जुबली पार्क के पास बुधवार को एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जुगसलाई की रहने वाली एक युवती ने खुद हिम्मत दिखाते हुए उस युवक को रंगे हाथों धर दबोचा, जिसकी वह काफी समय से तलाश कर रही थी। आरोपी पर घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने और उसी मोबाइल के जरिए आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकार ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।
खुद ही खोज निकाला आरोपी, पार्क के पास हुई भिड़ंत
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक कुछ समय पहले उसके घर से मोबाइल फोन चुरा ले गया था। युवती का आरोप है कि मोबाइल में मौजूद सामग्री के आधार पर युवक ने आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार करने की धमकी दी और उसे लगातार परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। इतना ही नहीं आरोपी ने युवती की मां को फोन पर भी धमकियां दी थी। युवती काफी दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी और बुधवार को जैसे ही जुबली पार्क के पास वह नजर आया, युवती ने उसे पहचान कर दबोच लिया।
पार्क में जुटी भारी भीड़, पुलिस ने किया बीच-बचाव
पार्क के पास दोनों के बीच शुरू हुई तीखी बहस और हंगामे के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिष्टुपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा और हस्तक्षेप करते हुए आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस कर रही है हर पहलू की जांच
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल चोरी, ब्लैकमेलिंग और धमकियों से जुड़े तमाम आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। अभी तक इन सभी आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

