समोसा-कचौड़ी छोड़िए! अब टाटा स्टील की थाली में सजेगा हेल्दी फूड, नई लिस्ट वायरल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अब कंपनी के परिसरों में स्थित कैंटीनों का मेन्यू पूरी तरह बदलने जा रहा है। कर्मचारियों की सेहत, खान-पान की नई पसंद और लंबे समय से आ रही मांगों को ध्यान रखते हुए टाटा स्टील वर्क्स जनरल ऑफिस में सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जो फैसले लिए गए, वे सीधे तौर पर कर्मचारियों की फिटनेस और लाइफस्टाइल को बेहतर बनाएंगे।

मेन्यू में जुड़े नए और हेल्दी विकल्प
​चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से नए वर्क ऑर्डर को मंजूरी दी गई। अब कर्मचारियों को पारंपरिक खान-पान के साथ-साथ कई हेल्दी और ट्रेंडी फूड विकल्प मिलने लगेंगे।
​हेल्दी ब्रेकफास्ट: कैंटीन के नए मेन्यू में ओट्स उपमा, सेवई उपमा, मूंग दाल चीला, उबला हुआ शकरकंद, उबला चना और लिट्टी जैसे लजीज और पौष्टिक व्यंजन जोड़े गए हैं।
​बेहतर ड्रिंक्स: अब कामकाजी तनाव को कम करने और ताजगी बनाए रखने के लिए ग्रीन टी, मिल्क कॉफी और ब्लैक कॉफी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
​दोपहर के लंच में फ्लेक्सिबिलिटी: लंच को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब कर्मचारियों की जरूरत के मुताबिक हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट के तीन विकल्प दिए गए हैं, जिसमें सालभर उबला अंडा भी उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा झालमुड़ी, दाल पूड़ी, मेदु वड़ा, पकौड़ा और ढोकला जैसे स्नैक्स भी मेन्यू का हिस्सा बन गए हैं।

अब समय पर मिलेगी कैंटीन सेवाएं, बदला गया नाश्ते का वक्त
​कैंटीन सेवाओं को अधिक सुचारू, अनुशासित और समयबद्ध बनाने के लिए प्रबंधन ने समय-सारणी में भी महत्वपूर्ण संशोधन किया है।
​कैंटीन में नाश्ता: सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक।
​ट्रॉली पॉइंट पर नाश्ता: सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक।
​रेल और रोड मूवमेंट के अनुसार जोन का स्पष्ट विभाजन करते हुए ट्रॉली सेवाओं में होने वाली देरी से निपटने की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है।

बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
​इस महत्वपूर्ण बैठक में सीसीएमसी के चेयरमैन सह चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय, सीसीएमसी के वाइस चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज, कमेटी सदस्य पी.के. चौधरी, उमाशंकर पटनायक, हेड कैंटीन ऋचा केडिया, सीनियर मैनेजर शौकत खान सहित टाटा वर्कर्स यूनियन के कई कमिटी मेंबर और अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Share This Article