​जमशेदपुर में दुर्गापूजा की तैयारियां तेज: डीसी-एसएसपी ने की हाईलेवल मीटिंग, पंडालों और ट्रैफिक को लेकर बड़ा फैसला

Manju
By Manju
5 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:दुर्गापूजा के पावन अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूजा के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
​समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, उपनगर आयुक्त जेएनएसी, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जुस्को, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, केंद्रीय व सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए मुख्य निर्देश
​सफाई कर्मियों का मानदेय भुगतान: उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि दशहरा से पहले सभी सफाई कर्मियों का मानदेय समय पर भुगतान कर दिया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
​सड़क और पंडाल मार्ग की मरम्मत: पूजा पंडालों तक आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों, सड़कों और डिवाइडरों की तुरंत मरम्मत कराने, साफ-सफाई करने तथा पेड़ों की लटकती डालियों की छंटाई के निर्देश दिए गए हैं।
​यातायात और पार्किंग प्रबंधन: शहर में सुगम आवाजाही बनाए रखने के लिए नो-इंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने और पूजा पंडालों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
​विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। इसके तहत खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाने और आवश्यकतानुसार नाव, गोताखोर और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
​अग्नि सुरक्षा: पूजा समितियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने और अग्निशमन विभाग द्वारा पंडालों के भीतर सुरक्षा उपकरणों की जांच अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन की आम नागरिकों व श्रद्धालुओं से अपील
​दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने जनता से सावधानियां बरतने की अपील की है।
​वाहन पार्किंग: अपने वाहन केवल निर्धारित और उचित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। यातायात को सुगम रखने के लिए यथासंभव कम वाहनों का प्रयोग करें।
​बच्चों की सुरक्षा: पंडाल भ्रमण के दौरान छोटे बच्चों की जेब में अभिभावक का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची जरूर रखें।
​संदिग्ध वस्तुएं: किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस को दें और संदिग्ध वस्तुओं को बिल्कुल न छुएं।
​सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से प्रयोग: सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाहों, भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट संदेशों को साझा न करें। ऐसी सामग्री मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
​आपातकालीन सेवाओं का सहयोग: एम्बुलेंस या अन्य आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को पूरा सहयोग दें और रास्तों पर भीड़ लगाकर आवागमन बाधित न करें।
​नशीले पदार्थों से परहेज: नशे की हालत में अथवा मादक पदार्थों का सेवन कर पूजा पंडालों में न जाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​यातायात नियमों का पालन: बाइक से करतब दिखाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने और प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल से बचें।
​पटाखे और आतिशबाजी: भीड़भाड़ वाले इलाकों, आवासीय कॉलोनियों और अस्पतालों के आसपास आतिशबाजी या पटाखों के प्रयोग से बचें।
​सामाजिक सौहार्द: किसी भी समुदाय, धर्म या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गानों या सामग्री का इस्तेमाल न करें। आपसी भाईचारा बनाए रखें।
​कीमती सामान की सुरक्षा: पंडाल भ्रमण के दौरान भारी मात्रा में कीमती जेवरात और कीमती सामान साथ ले जाने से बचें और अपने सामान के प्रति सतर्क रहें।
​इस पूजा के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पूजा समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।

Share This Article