नाला। जामताड़ा जिले के नाला स्थित नेताजी स्टेडियम में शुक्रवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। इसके बाद उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
26 साल की परंपरा पर जताया गर्व
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला की दुर्गा पूजा सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। पिछले 26 वर्षों से जिस भव्यता और श्रद्धा के साथ पूजा आयोजित हो रही है, वह पूरे जिले के लिए मिसाल है।
परंपरा को बनाए रखने की अपील
उन्होंने पूजा कमेटी के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि इस भव्य परंपरा को आगे भी बरकरार रखना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रेम, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
पंडाल में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा कमेटी के साथ समन्वय बनाकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनार्दन भंडारी, अशोक महतो, अजित मुर्मू, गुपीन सोरेन लायक, राजू दास, पूजा कमेटी अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, सचिव संजीव ठाकुर, विकास बनर्जी, उज्ज्वल मंडल, बापी पाल, दयामय लायक, प्रत्यूष मंडल, राजा भट्टाचार्य और निर्मल माजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

