धनबाद में पावर हाउस पर अपराधियों का धावा, 6.50 लाख की कॉइल लूटी

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र संख्या तीन की महेशपुर कोलियरी स्थित सिनीडीह पावर हाउस में शुक्रवार रात अपराधियों ने धावा बोलकर 500 केवीए ट्रांसफार्मर की कॉइल लूट ली। बम से उड़ाने की धमकी देकर चार कर्मियों को बंधक बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए।

चार कर्मियों को बनाया बंधक

घटना में करीब 6.50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रबंधन ने बंधक बनाए गए कर्मियों को मुक्त कराया।

बिजली गुल, हजारों लोग परेशान

कॉइल लूटे जाने से सिनीडीह श्रमिक आवास समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दुर्गापूजा के मौके पर बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घटना से कोलियरी कर्मियों और मजदूरों में दहशत है।

महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

शनिवार सुबह गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक केके सिंह ने पावर हाउस का निरीक्षण कर कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने चहारदीवारी दुरुस्त कराने और सीआईएसएफ को रात में तीन से चार बार गश्त लगाने का निर्देश दिया।

पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश

कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी सुशील कुमार ने मधुबन पुलिस से लिखित शिकायत की है। दो दिन पहले सिनीडीह सामुदायिक भवन में लगे ट्रांसफार्मर का दरवाजा तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था, लेकिन अपराधी सफल नहीं हुए थे।

Share This Article