दुर्गा पूजा स्पेशल: जमशेदपुर में सेहत का पहरा! MGM और सदर अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टर मुस्तैद, जारी हुए इमरजेंसी नंबर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों डिमना रोड स्थित एमजीएम अस्पताल और खासमहल स्थित सदर अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। त्योहार के दिनों में शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की चौबीस घंटे तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

21 अक्टूबर तक विशेष हाई अलर्ट
​एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने एक आधिकारिक पत्र जारी करते हुए बताया है कि दुर्गा पूजा के दौरान आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। त्योहार के मद्देनजर 21 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान इमरजेंसी में तैनात सभी सीनियर-जूनियर डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी ड्यूटी पर समय से मुस्तैद रहने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सर्जरी और हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्षों को अपने स्तर से इमरजेंसी में डॉक्टरों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सदर अस्पताल और सीएचसी भी पूरी तरह तैयार
​सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सदर अस्पताल के साथ-साथ जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट कर दिया है। अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था रखें ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत जगह मिल सके। इसके अलावा जीवनरक्षक दवाएं, एंटी-वेनम (सांप काटने की दवा) और जरूरी सर्जिकल सामानों का पर्याप्त स्टॉक रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

आपात स्थिति के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
​अगर दुर्गा पूजा के दौरान आपको या आपके किसी परिचित को स्वास्थ्य संबंधी कोई भी इमरजेंसी हो, तो आप तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
​एमजीएम अस्पताल हेल्पलाइन नंबर: 0657-2980055, 2222110, 2423215, 2423138
​सदर अस्पताल हेल्पलाइन नंबर: 8986886430
​आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा: 108

Share This Article