जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड के नूतनडीह में कौशल इंटरनेशनल प्राथमिक विद्यालय का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने किया। ग्लोबल एजुकेशन ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा संचालित होने वाले इस विद्यालय से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा को बताया विकास की नींव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि आधुनिक विद्यालय ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को घर के पास बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।
पांचवीं से पीजीटी तक शिक्षा का लक्ष्य
ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सिकंदर प्रसाद यादव ने कहा कि विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कारयुक्त शिक्षा दी जाएगी। शुरुआत पहली से पांचवीं कक्षा तक होगी और भविष्य में पढ़ाई का विस्तार पीजीटी स्तर तक करने का लक्ष्य है।
कम फीस में मिलेगी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा
ट्रस्ट के सचिव और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता कौशल किशोर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा बनाना है। यहां कम फीस में उच्च स्तरीय अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है।
शिक्षा विभाग और पंचायत ने दिया सहयोग का भरोसा
बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि विद्यालय खुलने से नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर घटाने में मदद मिलेगी। वहीं, उप-प्रमुख समर माजी ने विद्यालय प्रबंधन को पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

