बिहार के गया जी जिले में नवमी की रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी रोड नंबर एक में सोमवार देर रात दारोगा के दो बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना में छोटे बेटे रानू शेखर की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई मोनू शेखर घायल हो गया।
विवाद के बाद दोनों भाइयों पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, किसी बात का विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। दोनों को एक-एक गोली लगी, जिससे रानू की जान चली गई और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
मगध मेडिकल अस्पताल में घायल का इलाज
गोली लगने के बाद घायल मोनू शेखर को मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई तथा इलाके में दहशत फैल गई।
घटनास्थल से तीन खोखे बरामद
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मोतिहारी में तैनात हैं पिता
रानू और मोनू के पिता सुधांशु शेखर मोतिहारी जिले में दारोगा के पद पर तैनात हैं। परिवार का पैतृक गांव अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन में है और वर्तमान में वह सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में रहता है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

