दरवाजा खोलते ही उड़े घरवालों के होश, फंदे से झूलता मिला 37 वर्षीय बाबूजन हांसदा का शव, जांच में जुटी पुलिस

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीला गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार की सुबह यहां एक 37 वर्षीय युवक का शव उसके घर के मुख्य द्वार पर रस्सी के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मातम का माहौल है। ​मृतक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के सहड़पुर लातार टोला के रहने वाले बाबूजन हांसदा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया। फिलहाल पुलिस के सामने यह सवाल सबसे बड़ा है कि यह आत्महत्या है या सुनियोजित हत्या? पुलिस इन दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है।

​प्रेम प्रसंग और पारिवारिक कलह से जुड़े तार?
​मृतक के बड़े भाई गणेश हांसदा ने पुलिस को कुछ अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि बाबूजन का काफी समय से काशीला गांव आना-जाना था और गांव के ही तालामय मुर्मू की बेटी के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। ​गणेश के मुताबिक बाबूजन की पहली पत्नी ने पहले ही दूसरी शादी कर ली थी और उसके चार बच्चे पहली पत्नी के साथ ही रह रहे थे। पत्नी के दूसरी शादी करने के बाद से बाबूजन काफी तनाव में और परेशान रहने लगा था। हालांकि, परिवारिक उलझनों और इस मौत का सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज़
​घटना की सूचना पाकर जिला परिषद सदस्य मंजुला हांसदा भी मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मौत के असल कारणों का पता विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस अनहोनी को लेकर चर्चा कर रहा है।

Share This Article