पलामू के हुसैनाबाद में पुलिस ने चोरी के मोबाइल और जेवरात बेचने पहुंचे दो लड़कों को पकड़ा। कार्रवाई में एक आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
22 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि दो लड़के कुशानारायणपुर बाजार में चोरी के मोबाइल और जेवर बेचने आए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों
पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।
8 मोबाइल और जेवरात बरामद
पुलिस ने 8 एंड्रायड मोबाइल, चांदी जैसी दो पायल और सोने जैसा एक जितिया बरामद किया। जांच में तीन मोबाइल और पायल हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 205/26 से संबंधित पाए गए।
आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस ने मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया है और विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत और बालक को संप्रेक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

