झारखंड के पलामू जिले में पूजा पंडाल से घर लौट रही गीता देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गहने लूटने के बाद पहचान उजागर होने के डर से महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल, आभूषण और रस्सी बरामद हुई है।
धान के खेत में मिला था महिला का शव
नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव की गीता देवी 20 अक्टूबर की रात पूजा पंडाल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके अपहरण की सूचना मिली। अगले दिन घर के पास धान के खेत में उनका शव मिला।
एसआईटी ने चार आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई। जांच के बाद दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू, रोहित पांडेय, आकाश शुक्ला उर्फ भूलन और विक्की पासवान उर्फ विकास को गिरफ्तार किया गया।
गहने लूटने के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटपाट की योजना बनाई थी। महिला के गहने लूटने के बाद पहचान उजागर होने और शोर मचाने के डर से कथित तौर पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
मोटरसाइकिल, आभूषण और रस्सी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और रस्सी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

