बंगाल विधानसभा में भाजपा की ताकत 209, शुभेंदु अधिकारी का विपक्ष को संदेश—“ब्रेकफास्ट हुआ, लंच बाकी है”

Reena Sharma
2 Min Read

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को नंदीग्राम से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक हासिरानी रथ और रेजीनगर से विजयी शाखारव सरकार ने विधायक पद की शपथ ली।

विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु ने दोनों को शपथ दिलाई। इसके साथ विधानसभा में भाजपा की सीटें बढ़कर 209 हो गईं। शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के बाद विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए अभी छह महीने हुए हैं और अगले साढ़े चार वर्षों में विकास के कई अहम काम किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “अभी तो ब्रेकफास्ट हुआ है, लंच बाकी है।”

रेजीनगर की जीत और अल्पसंख्यक समर्थन का दावा

रेजीनगर उपचुनाव में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए अधिकारी ने पार्टी को अल्पसंख्यक विरोधी बताने वालों को जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि अन्नपूर्णा योजना से लाभ पाने वाली करीब 70 हजार महिलाओं में 35 हजार अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। उनके अनुसार, भाजपा उम्मीदवार ने रेजीनगर में 75 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

नंदीग्राम और जनकल्याण योजनाओं पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम सीट छोड़ने के अपने फैसले पर कहा कि वहां की जनता ने हासिरानी रथ को भारी समर्थन देकर विधानसभा पहुंचाया।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार सभी नागरिकों के कल्याण और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पीड़ित परिवार को 10 लाख की सहायता का जिक्र

संबोधन के दौरान अधिकारी ने मुर्शिदाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान एक बच्ची की मृत्यु का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वह पीड़ित परिवार से मिले थे और मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

Share This Article