पलामू में JTET परीक्षा की तैयारी पूरी, 1 नवंबर को 47 केंद्रों पर होगी परीक्षा; डीसी ने दिए सख्त निर्देश

Reena Sharma
3 Min Read

मेदिनीनगर। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के सफल और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर बुधवार को टाउन हॉल में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बैठक हुई।

इसमें अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, केंद्र अधीक्षक, स्टेटिक दंडाधिकारी और उड़नदस्ता टीम के सदस्य शामिल हुए। परीक्षा 1 नवंबर को जिले के 47 केंद्रों पर आयोजित होगी।

योग्य शिक्षकों के चयन के लिए निष्पक्ष परीक्षा जरूरी

उपायुक्त ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परीक्षा भविष्य के शिक्षकों के चयन का माध्यम है। सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि परीक्षा निष्पक्ष और कदाचार मुक्त हो। उन्होंने बेहतर समन्वय के साथ परीक्षा के सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचने का निर्देश

डीसी ने पर्यवेक्षक सह स्टेटिक दंडाधिकारियों को परीक्षा के दिन निर्धारित समय पर केंद्रों पर पहुंचने और परीक्षा सुचारु रूप से संचालित कराने को कहा।

उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को किसी भी तरह की चूक से बचने और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रहेगी रोक

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर प्रवेश न करे।

मेदिनीनगर में 26 समेत जिले में 47 केंद्र निर्धारित

1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए मेदिनीनगर में 26, चैनपुर में 7, सतबरवा में 3, लेस्लीगंज में 2, पाटन में 5 और पड़वा में 4 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक चलेगी।

परीक्षा से 30 मिनट पहले बंद होगा मुख्य गेट

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्रों का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने दंडाधिकारियों, नोडल पदाधिकारियों और स्टेटिक दंडाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। इस दौरान सदर एसडीएम, विभिन्न एसडीपीओ, जिला खनन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article