देवघर में नकली शराब के खेल पर पुलिस का प्रहार, दो बोलेरो से 1200 लीटर स्प्रिट बरामद; दो गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बोलेरो वाहनों से करीब 1200 लीटर स्प्रिट बरामद की है।

पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बरामद स्प्रिट का इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जाना था।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुरू की घेराबंदी

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि गिरिडीह-जमुआ की ओर से दो सफेद बोलेरो में अवैध स्प्रिट लोड कर देवीपुर थाना क्षेत्र के हथवारी गांव ले जायी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।

तिलैया मोड़ पर वाहन जांच के दौरान पीछा

29 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे तिलैया मोड़ के पास सशस्त्र बल के साथ वाहन जांच अभियान चलाया गया। रात करीब 1:20 बजे दोनों बोलेरो तेज रफ्तार में आती दिखीं।

पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगे। पीछा करने पर दो आरोपित पकड़े गए, जबकि तीसरा अंधेरे में फरार हो गया।

दो गिरफ्तार, एक आरोपित फरार

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकबर अली (42), निवासी लालगढ़, थाना मधुपुर और दिवाली राय (26), निवासी सुग्गापाहाड़ी, थाना बुढ़ैई के रूप में हुई है। फरार आरोपित की पहचान मंटू यादव (31), निवासी हथवारी, थाना देवीपुर के रूप में की गई है।

दोनों बोलेरो से 1200 लीटर स्प्रिट जब्त

पुलिस की तलाशी में पहली बोलेरो संख्या जेएच 04 ई 4414 से 10 प्लास्टिक गैलन में 400 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। वहीं, दूसरी बोलेरो संख्या जेएच 15 ई 7080 से 20 गैलन में 800 लीटर स्प्रिट मिली।

इस तरह कुल 30 गैलन में करीब 1200 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

तीन आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी, फरार की तलाश जारी

मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ बुढ़ैई थाना कांड संख्या 49/26 के तहत बीएनएस और झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपित मंटू यादव की तलाश में जुटी है।

कार्रवाई में बुढ़ैई थाना प्रभारी मनोरंजन महतो, एसआई रूप सिंह मुनरी, एएसआई सुभाष कच्छप, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, सशस्त्र बल के जवान और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।

Share This Article