दीवाली, कालीपूजा और छठ पर प्रशासन सख्त! डीसी-एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की हाई-लेवल मीटिंग, जानें क्या हैं नए निर्देश?

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:आने वाले त्योहारों दीपावली, कालीपूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी प्रमुख घाटों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी और कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में सिटी एसपी ललित मीणा, नगर आयुक्त जेएनएसी योगेन्द्र प्रसाद, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेन्द्र यादव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य, यातायात, अग्निशमन और जुस्को के प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए।

बैठक के मुख्य बिंदु और दिशा-निर्देश
​दीपावली और पटाखा बाजार
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री बिल्कुल नहीं होगी। लाइसेंस के साथ-साथ दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दुकानों के बीच सुरक्षित दूरी और बिजली के पुख्ता इंतजाम जांचने के निर्देश दिए गए हैं। आम बागान जैसे बड़े पटाखा बाजारों में सुरक्षा के मद्देनजर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जाएगी।

खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर विशेष नजर
त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी करने को कहा गया है। मिलावटी या दूषित सामान बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।

कालीपूजा और प्रतिमा विसर्जन
विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन रूट में किसी भी तरह के बदलाव की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही, विसर्जन के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार करने को कहा गया है।

छठ महापर्व और घाटों की व्यवस्था
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी प्रमुख व स्थानीय छठ घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत और समतलीकरण का काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। घाटों पर पेयजल, अस्थाई शौचालय, चेंजिंग रूम और रोशनी के बेहतरीन इंतजाम किए जाएंगे।

सुरक्षा और गोताखोरों की तैनाती
नदी और तालाबों के जलस्तर की निगरानी करते हुए खतरनाक और गहरे स्थलों पर लाल झंडे लगाकर बैरिकेडिंग की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर, नावें, लाइफ जैकेट और बचाव दल मुस्तैद रहेंगे। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी, ड्रोन कैमरे और कंट्रोल रूम के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि वे आपसी तालमेल के साथ समय रहते सभी तैयारियां जमीनी स्तर पर पूरी कर लें, ताकि पर्व के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Share This Article