कतरास में बीसीसीएल की जर्जर दीवार बनी मुसीबत, भरभराकर गिरने से तीन लोग गंभीर घायल

Reena Sharma
3 Min Read

बाघमारा। धनबाद जिले के एरिया-4 में बीसीसीएल प्रबंधन की कथित लापरवाही ने कतरास में लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। कतरास थाना क्षेत्र के गुहिबंध स्थित बीसीसीएल के सलानपुर वर्कशॉप की जर्जर बाउंड्री वॉल शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त आसपास दर्जनों लोग मौजूद थे। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मलबे में दबकर तीन लोग हुए घायल

घायलों में पान दुकान संचालक विकास रवानी की पीठ में गंभीर चोट आई है। वहीं, दुकान पर मौजूद ग्राहक मुन्ना अंसारी का सिर फट गया। उसे नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। तीसरे घायल दीपक दास का पैर दीवार के मलबे में दब गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

लंबे समय से जर्जर थी बाउंड्री वॉल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाउंड्री वॉल लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। इसकी शिकायत कई बार बीसीसीएल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से की गई थी। आरोप है कि शिकायत करने पर एक अधिकारी ने कथित तौर पर गैरजिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा था कि ‘दब जाओगे, मर जाओगे तो हम क्या करेंगे?’

शिकायत और टेंडर के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई?

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिकायत दर्ज थी और टेंडर की बात भी कही गई थी, तो दीवार को गिरने से पहले दुरुस्त क्यों नहीं किया गया? लोगों ने सवाल उठाया कि समय रहते मरम्मत या सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो शायद यह हादसा टल सकता था।

हादसे के बाद प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह महज दीवार गिरने की घटना नहीं, बल्कि समय रहते कार्रवाई नहीं करने का नतीजा है। जिस वक्त दीवार गिरी, वहां दर्जनों लोग मौजूद थे। अगर मलबे में दबकर किसी की मौत हो जाती तो जिम्मेदारी किसकी होती?

प्राथमिकी, मुआवजे और जवाबदेही की मांग

स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Share This Article