गढ़वा जिला के रंका अनुमंडल मुख्यालय में अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर की मुख्य सड़कों के किनारे दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से सामान रखकर अतिक्रमण किए जाने से आए दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्थिति यह है कि लोगों को कई-कई घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अतिक्रमण बना जाम की सबसे बड़ी वजह
शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रंका के अनुमंडल पदाधिकारी परवेज आलम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि शहर में जाम लगने का प्रमुख कारण सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण है। दुकानदारों द्वारा सड़क की जमीन पर सामान फैलाने तथा अन्य लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने से आवागमन बाधित हो रहा है।
एसडीओ की दो टूक, खुद हटाएं सड़क से कब्जा
एसडीओ ने सभी दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों से अपील की है कि वे सड़क एवं उसके किनारे किए गए अतिक्रमण को अविलंब स्वयं हटा लें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन द्वारा जबरन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान होने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित अतिक्रमणकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
प्रशासन की चेतावनी से अतिक्रमण हटाओ अभियान की उम्मीद
प्रशासन की इस सख्त चेतावनी के बाद शहरवासियों में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रंका शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्य सड़क, बाजार क्षेत्र और चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है।
अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अब देखना होगा कि प्रशासन की चेतावनी के बाद अतिक्रमणकारी स्वयं कब्जा हटाते हैं या प्रशासन को अभियान चलाकर कार्रवाई करनी पड़ती है।

