जमीन की ऑनलाइन मापी बनी कमाई का जरिया! रिपोर्ट के बदले मांगी रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने दो अमीनों को दबोचा

Reena Sharma
3 Min Read

गया में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विशेष सर्वे अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी जमीन की ऑनलाइन मापी के एवज में पीड़ित रोहित कुमार से रिश्वत की मांग कर रहे थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी एपीआर मॉल के पास से की गई है। इस घटना से नगर प्रखंड महकमे में हड़कंप मच गया है।

जमीन की ऑनलाइन मापी के लिए किया था आवेदन

जानकारी के मुताबिक, मामला स्थानीय निवासी रोहित कुमार की शिकायत पर खुला है। पीड़ित ने अपनी जमीन की ऑनलाइन मैपिंग के लिए नियमानुसार आवेदन किया था।

आरोप है कि जब इस संबंध में रिपोर्ट लगाने की बारी आई, तो प्रखंड के हल्का अमीन इसके एवज में अवैध वसूली पर उतर आए। रिपोर्ट आगे बढ़ाने के नाम पर पीड़ित से 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल

पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और मामले का सत्यापन किया गया। मामला सत्य पाए जाने के बाद मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान अभिषेक कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है।

दोनों विशेष सर्वे अमीन की मिलीभगत का आरोप

खास बात यह है कि दोनों आरोपी स्पेशल सर्वे अमीन के पद पर तैनात हैं। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों मिलकर इस रिश्वतखोरी के खेल को अंजाम दे रहे थे। हालांकि, एक अमीन की मुख्य डिमांड 7 हजार रुपये थी और दोनों मिलकर इसमें शामिल थे।

एपीआर मॉल के पास भागने की कोशिश, टीम ने दबोचा

एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों अमीनों को एपीआर मॉल के पास से धर दबोचा। जब दोनों अमीन को पकड़े जाने का एहसास हुआ तो उन्होंने भागने की कोशिश की। इस पर विजिलेंस टीम ने मशक्कत कर दोनों को पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

इस मामले की पुष्टि करते हुए एंटी करप्शन टीम के अधिकारी वसीम फिरोज (DSP) ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे के बाद से महकमे के अन्य कर्मियों में भी खौफ का माहौल है।

Share This Article