डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) की पांचवीं बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त राजीव रंजन ने खुद मैदान में उतरकर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया।
बूथों पर जाकर परखी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मदर्स होम पब्लिक स्कूल स्थित बूथ संख्या 411 व 412 और ओड़िया मध्य विद्यालय स्थित बूथ संख्या 222 व 223 का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए-2) के बीच आपसी समन्वय को परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और चुनाव पाठशाला के जरिए आम मतदाताओं को जागरूक कर उनकी हर शंका का मौके पर समाधान किया जाए।
खुद की प्रपत्रों की सुपर चेकिंग
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आस्था स्पेस टाउन स्थित बूथ संख्या 276 का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने खुद कमान संभालते हुए विभिन्न प्रपत्रों की सुपर चेकिंग की। उन्होंने प्रपत्रों में दर्ज विवरण और उससे जुड़े दस्तावेजों का बारीकी से मिलान किया ताकि सत्यापन कार्य में किसी तरह की कोताही न रहे। उन्होंने निर्देश दिया कि दस्तावेजों की जांच बेहद सावधानी से की जाए और किसी भी तरह की त्रुटि या अधूरा विवरण मिलने पर उसे तुरंत नियमानुसार सुधारा जाए।
शुद्ध मतदाता सूची तैयार करना हमारी प्राथमिकता
डीसी राजीव रंजन ने अधिकारियों और कर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य एक त्रुटिरहित और अपडेटेड वोटर लिस्ट तैयार करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं। दोहरे नामों और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार सूची से हटाया जाए। सभी काम पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

